महिला लेखपाल ने कहा- एसडीएम ने गंदी बात की:चैंबर में बुलाकर जाति पूछने का आरोप लगाया, एसडीएम बोले- मनचाही पोस्टिंग के लिए झूठे आरोप लगा रही


हरदोई में एक महिला लेखपाल ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पर आरोप लगाए हैं। महिला ने सोमवार शाम करीब 7 बजे स्थानीय कोतवाली में शिकायती पत्र दिया। महिला ने आरोप लगाया कि एसडीएम ने उन्हें अपने चैंबर में बुलाकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और गंदी बातें कीं। महिला ने जब आंखों में समस्या की बात कही तो इस पर महिला ने दावा किया कि एसडीएम ने उनसे कहा आंखों में तो उनके भी समस्या है, लेकिन वह रातभर रील देखते हैं फिर भी दिन भर काम करते हैं। शिकायती पत्र के अनुसार, सोमवार 6 जुलाई की शाम लगभग 5:10 बजे एसडीएम ने महिला लेखपाल को फोन करवाकर अपने चैंबर में बुलाया। महिला का आरोप है कि चैंबर में दाखिल होते ही एसडीएम ने सबसे पहले उनकी जाति पूछी। महिला लेखपाल ने बताया, “जब मैंने बताया कि मैं अनुसूचित जाति से हूं, तो उन्होंने मुझसे कहा कि मेरे चैंबर में व्यक्तिगत रूप से कार्य करो। जब मैंने इसका विरोध किया, तो वह गंदी बातें और हरकतें करने लगे। मना करने पर उन्होंने धमकी दी कि अगर बात नहीं मानी, तो तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दूंगा। तुम्हें वही करना होगा जो मैं कहूंगा।” घटना के बाद महिला लेखपाल ने अपने पिता को फोन कर मौके पर बुलाया। जब पिता दो अधिवक्ताओं के साथ एसडीएम के चैंबर में पहुंचे और इस व्यवहार का कारण पूछा, तो आरोप है कि एसडीएम ने महिला लेखपाल और उनके पिता को जातिसूचक गालियां दीं और उन्हें जबरन चैंबर से बाहर निकलवा दिया। दूसरी ओर, इन आरोपों पर संबंधित एसडीएम ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। एसडीएम का कहना है कि महिला लेखपाल मनचाही पोस्टिंग चाहती हैं और दबाव बनाने के लिए यह फर्जी कहानी गढ़ रही हैं। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *