![]()
उन्नाव जिला जेल में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर जेल प्रशासन ने विशेष पहल की है। जेल में बंद महिला कैदियों ने अपने हाथों से राखियां तैयार की हैं, जिन्हें देश की सीमा पर तैनात सेना के जवानों के लिए भेजा गया है। जेल अधीक्षक नीरज देव के मुताबिक, यह पहल जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के सुझाव पर की गई। रक्षाबंधन पर जेल में बंद भाइयों से मिलने आने वाली बहनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मुलाकात के दौरान उन्हें चंदन, टीका, रोली, राखी का धागा और मिठाई उपलब्ध कराई जाएगी। जेल अधीक्षक ने बताया कि रक्षाबंधन जेल के लिए महत्वपूर्ण पर्व है, क्योंकि इस दिन बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंचती हैं। 800 पुरुष बंदी, बड़ी संख्या में पहुंचेंगी महिलाएं वर्तमान में उन्नाव जिला जेल में करीब 800 पुरुष बंदी निरुद्ध हैं। रक्षाबंधन के मौके पर इनसे मिलने और राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जेल प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। 10 महिला पुलिसकर्मी और SI की मांग जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या पर्याप्त नहीं है। इसे देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। रक्षाबंधन के दौरान करीब 10 महिला पुलिसकर्मियों और एक महिला सब-इंस्पेक्टर को विशेष ड्यूटी पर तैनात करने की मांग की गई है। जांच से लेकर मुलाकात तक रहेगी निगरानी विशेष पुलिस बल की मौजूदगी में मुलाकाती महिलाओं की जांच, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाएं व्यवस्थित तरीके से कराई जाएंगी। जेल कर्मियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि राखी बांधने और मुलाकात की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। सुधार और सकारात्मक गतिविधियों का संदेश जेल अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि महिला बंदियों द्वारा बनाई गई राखियां सीमा पर तैनात जवानों तक भेजने का उद्देश्य जेल के भीतर सुधार और सकारात्मक गतिविधियों का संदेश समाज और जवानों तक पहुंचाना है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के साथ-साथ बहनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
Source link
महिला बंदियों की राखियां सीमा पर तैनात जवानों को भेजीं:उन्नाव जेल में बन्द कैदियों को बहने बंधेगी राखियां, अंदर ही मिलेगी मिठाई