![]()
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में भाजपा का झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने अपनी पड़ोसन के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुरानी काशीराम कॉलोनी, हंसखेड़ा निवासी मीना द्विवेदी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी पड़ोसी हिमांशी यादव उन्हें लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। आरोप है कि 11 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे हिमांशी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, विवाद किया और धक्का-मुक्की व मारपीट की। तहरीर में यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी महिला ने भाजपा का झंडा नहीं लगाने देने की बात कही और झंडे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपी ने उनके परिवार के सामने अश्लील हरकतें कीं और झूठे दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी। मीना द्विवेदी का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न से उनका पूरा परिवार भय और तनाव में है। उन्हें आशंका है कि उनके या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पारा पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि मामले की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, प्रकरण की विवेचना जारी है।
Source link
महिला ने पड़ोसन पर उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया:लखनऊ में भाजपा का झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद