![]()
अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक महिला अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। इस हादसे में महिला और उसकी एक नाबालिग बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान आज उसकी भी मौत हो गई। यह पूरा मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बाजार शुकुल रोड स्थित रेलवे लाइन का है। देर रात लखनऊ से सुल्तानपुर जा रही शटल एक्सप्रेस ट्रेन के आगे यह घटना हुई।
घटना के 12 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस तीनों शवों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। जगदीशपुर थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि मां और बेटी की मौत रात में हुई थी, जबकि बेटे ने आज इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान के लिए हर माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों शवों को रात में ही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया था।
Source link
महिला दो बच्चों संग ट्रेन के आगे कूदी:घायल बच्चे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, दो की पहले ही जा चुकी थी जान