महिला दरोगा ने ससुर पर दुष्कर्म का आरोप:शिकायत करने पर पति ने की जान लेने की कोशिश, पीड़िता बोली – पुलिस नहीं कर रही सुनवाई


लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। घटना के बाद जहर खिलाने और फायरिंग कर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही और ससुराल पक्ष से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गायत्रीपुरम निवासी पीड़िता ने बताया कि वह प्रयागराज में दरोगा पद पर तैनात है। पुलिस को दी तहरीर में बताया उसकी शादी 14 फरवरी 2025 को शुभम सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे जातिसूचक टिप्पणियां कर प्रताड़ित करने लगा। वह चौरसिया समाज से है जबकि उसका पति ठाकुर समाज से है। इसी बात को लेकर आए दिन उसे अपमानित किया जाता था। महिला का कहना है कि नौकरी करने को लेकर भी परिवार में विवाद रहता था और उस पर दबाव बनाया जाता था।
कुछ समय बाद उसके ससुर का व्यवहार बदल गया और वह उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध करने पर लाइसेंसी हथियार दिखाकर धमकाया गया। महिला का आरोप है कि उसके ससुर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब उसने इसकी शिकायत अपने पति से की तो उसने कोई विरोध नहीं किया। उल्टा सास और ननद ने उसे ही चुप रहने के लिए दबाव बनाया। महिला ने बताया कि 19 जनवरी 2026 को उसके पति ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसे चूहे मारने वाला जहर खिला दिया गया और कमरे में बंद कर दिया गया। किसी तरह उसने अपने पिता को फोन कर सूचना दी। जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि बाद में जब उसके पिता समझौते के लिए ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पति ने लोहे की रॉड से हमला किया और रिवॉल्वर निकालकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार 25 मई की सुबह पति ने उस पर फायरिंग भी की। जिससे वह बाल-बाल बच गई और छत के रास्ते भागकर अपनी जान बचाई। महिला ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से लगातार थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने स्थानीय पुलिस पर ससुराल पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया है। मामले में एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *