महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार:कानपुर देहात में बिक्री के ₹64,800 बरामद, बांदा समेत कई वारदातें कबूलीं


कानपुर देहात पुलिस ने चेन स्नैचिंग की एक वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटे गए मंगलसूत्र और चेन की बिक्री से मिले 64 हजार 800 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में कानपुर देहात और बांदा जिले में अपने साथियों के साथ मिलकर चेन स्नैचिंग और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को भोगनीपुर थाना क्षेत्र के पुखरायां स्थित जीजीआईसी रोड पर सुआ बाबा मंदिर के पास विनीता अग्निहोत्री नामक महिला पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार बदमाश उनके पास पहुंचे और गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर भोगनीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी सोमवार को पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल एक आरोपी ग्राम जरैलापुर मोड़ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 27 वर्षीय लवकुश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के कुटरा मकनपुर गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 64 हजार 800 रुपये बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि यह रकम छीने गए मंगलसूत्र और चेन को बेचने से मिली थी। बांदा और कानपुर देहात में कई वारदातें कबूलीं पूछताछ के दौरान आरोपी लवकुश ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कानपुर देहात और बांदा जिले में चेन स्नैचिंग तथा लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लवकुश ठाकुर शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *