महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया:सहारनपुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ


उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही सहारनपुर में भी इसकी शुरुआत की गई। सहारनपुर में बुधवार दोपहर 11 बजे राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट स्थित विवेकानंद सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने की। इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योजना के शुभारंभ और विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम को देखा। रक्षाबंधन के पर्व पर माताओं, बहनों और बेटियों को 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक अपने एक सहयात्री के साथ निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने योजना की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और आत्मनिर्भर नारी’ के मंत्र के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सुविधाएँ प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इस अवसर पर मातृशक्ति को साड़ी और मिष्ठान देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने राज्यमंत्री का स्वागत किया और मातृशक्ति, महिला मोर्चा की सदस्यों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, आरएम रोडवेज योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम जोगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विकासखंडों से आईं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और महिला मोर्चा की सदस्य उपस्थित रहीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *