![]()
उत्तर प्रदेश सरकार ने मदरसों के शिक्षकों की बहाली कर दी है, जिससे जनपद शामली के मुस्लिम समाज में खुशी का माहौल है। लंबे समय से वेतन और नियुक्ति संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मदरसा शिक्षकों को इस फैसले से बड़ी राहत मिली है। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है और मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शामली के एक मदरसा शिक्षक वसीम ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 से 2017 तक बच्चों को शिक्षा दी थी। इसके बाद केंद्रीय स्तर पर वेतन रुक जाने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा। वसीम ने कहा कि कई वर्षों तक परिवार चलाना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब सरकार के इस फैसले से नई उम्मीद जगी है। शिक्षा व्यवस्था होगी बेहतर उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल शिक्षकों को सम्मान मिलेगा, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। वहीं, जमीयत उलेमा से जुड़े मौलाना साजिद ने भी सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को कुछ समय के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब यह फैसला उनके लिए राहत लेकर आया है। मौलाना साजिद ने उम्मीद जताई कि इस पहल से शिक्षकों के घरों में खुशियां लौटेंगी और शिक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
Source link
मदरसा शिक्षकों की बहाली, वेतन-नियुक्ति की समस्या खत्म:शामली में खुशी की लहर, सालों से परेशान शिक्षकों को मिली राहत