![]()
मथुरा के थाना नोहझील क्षेत्र में राया-नोहझील मार्ग स्थित बाघर्रा गांव के पास एक गैस प्लांट से निकलने वाले कचरे को खुले में डाला जा रहा है। ग्रामीणों में इस पर भारी रोष है। यह कचरा उच्च प्राथमिक विद्यालय और आबादी क्षेत्र के समीप डाला जा रहा है, जिससे गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शीतल कोल्ड स्टोर के पीछे संचालित गैस प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट को प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से विद्यालय के पास और सड़क किनारे बने बाड़े में फेंका जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण कृष्ण कुमार, प्रेमराम और रामरुमाल ने बताया कि इस स्थल के आसपास अड्डा बाघर्रा, अड्डा मल्हान, अड्डा जाटव, खूवा का नगला और बाघर्रा सहित कई गांवों की आबादी रहती है। विद्यालय और आबादी क्षेत्र के पास खुले में कचरा डाले जाने से छात्र-छात्राओं, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी हो रही है। दुर्गंध के कारण लोगों का रहना, बैठना और भोजन करना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कचरे के ढेर से बड़ी संख्या में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। उनका आरोप है कि कई ग्रामीण आंखों के संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। हरस्वरूप की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है, जबकि रामबाबू, रामनिवास और नेहा सहित कई लोग आंखों में संक्रमण से पीड़ित हैं। इस समस्या को लेकर शनिवार को दर्जनों ग्रामीण बरोठ चौकी पहुंचे। उन्होंने एक लिखित शिकायत देकर कचरा डलवाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने और आबादी व विद्यालय क्षेत्र के पास कचरा निस्तारण पर प्रतिबंध लगाने की अपील की। शिकायत देने वालों में सोनू निषाद, भोला, सत्येंद्र, रामरुमाल, महिपाल, अर्जुन, करतार, धर्मेंद्र, कन्हैया, गिरीश, पूरन सिंह और शिवराम सहित कई ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Source link
मथुरा में स्कूल-आबादी के पास गैस प्लांट का कचरा:ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई, बीमारियों का बढ़ा खतरा