![]()
मथुरा के मांट थाना क्षेत्र के प्रेमनगर गांव में शनिवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक का शव खेत में मिला। ग्रामीणों ने सुबह करीब 7 बजे शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक की पहचान राया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी गांव निवासी संदीप पुत्र विजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। संदीप अपनी बुआ के यहां रह रहा था और शुक्रवार को वह खेत पर सिंचाई पंप चलाने गया था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल मथुरा के जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में उसे भास्कर हॉस्पिटल लक्ष्मीनगर में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि संदीप ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था या उसे किसी ने जहर दिया है। इस मामले में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव की एक युवती के साथ संदीप का लंबे समय से संबंध था। युवती के परिजनों की असहमति के कारण दोनों पहले घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद युवती की शादी कहीं और कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि हाल ही में युवती कुछ लोगों के साथ संदीप से मिलने आई थी और उसे धमकाया गया था। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Source link
मथुरा में खेत में मिला युवक का शव:जहरीले पदार्थ के सेवन और प्रेम प्रसंग की आशंका