मथुरा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट:दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने जाने वाले थे


दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मथुरा में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनाम धन्य तिवारी एडवोकेट को पुलिस उनके घर से हिरासत लेकर थाना कोतवाली ले गई। वहीं, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुर्गेश बघेल समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को उनके घरों पर ही हाउस अरेस्ट कर नजरबंद कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलचल तेज हो गई। प्रदेश महासचिव अनाम धन्य तिवारी एडवोकेट ने कहा कि युवा कांग्रेस दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रही थी, लेकिन प्रदर्शन से पहले ही उन्हें घर से हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से उनकी आवाज दबने वाली नहीं है। लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था से जुड़े सवालों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, जिलाध्यक्ष दुर्गेश बघेल ने आरोप लगाया कि जब भी सरकारों से सवाल पूछे जाते हैं, तब पुलिस को आगे कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके घर पर पहुंचकर उन्हें हाउस अरेस्ट कर नजरबंद कर दिया। दुर्गेश बघेल ने कहा कि वे किसी अपराध के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र से जुड़े सवालों को लेकर अपनी आवाज उठाने जा रहे थे। पुलिस का पहरा लगाकर विरोध की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितनी पुलिस लगा ले, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अपने सवालों और मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। युवा कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा। वहीं, पुलिस की ओर से कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *