मड़ियांव में नकली करेंसी के साथ तीन गिरफ्तार:13.95 लाख की 500 और 100 रुपए के जाली नोट बरामद, नकली के बदले असली नोट लेते


लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली करेंसी बदलने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13.95 लाख रुपए के 500 और 100 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपितों के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। डीसीपी नार्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया सोमवार को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, वांछितों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्रधान मैरिज लॉन चौराहे के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घैला पुल के पहले दाहिनी ओर खाली मैदान में बने टीन शेड के पास तीन युवक नकली नोटों के साथ किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन निवासी आलोक सिंह (21), मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मुबारक पट्टी वनकट निवासी सोनू गांड उर्फ गोलू (25) और सिधारी थाना क्षेत्र के सारगढ़ निवासी वृजेश विश्वकर्मा (35) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 500 रुपए के 1402 जाली नोट और 100 रुपये के 6946 जाली नोट बरामद किए। बरामद नकली करेंसी की कुल कीमत 13 लाख 95 हजार 600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *