मऊ में 9 नए एग्री जंक्शन खुलेंगे:कृषि स्नातक युवा 30 मई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन


मऊ में कृषि स्नातकों के लिए रोजगार करने के लिए अच्छी खबर है। जिले में 9 नए एग्री जंक्शन खोले जाएंगे, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 30 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी उप कृषि निदेशक सोम प्रकाश गुप्ता ने दी। उप कृषि निदेशक ने बताया कि यह पहल प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलम्बन योजना (एग्रीजंक्शन) के तहत की जा रही है। इसका उद्देश्य कृषि उत्पाद में स्थायी वृद्धि, किसानों की आय में बढ़ोतरी, उनके आर्थिक-सामाजिक स्तर में सुधार और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद के सभी विकास खंडों में एक-एक एग्रीजंक्शन यानी कुल 9 “वन स्टॉप शॉप” खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के लिए कृषि स्नातक युवा आवेदन कर सकते हैं, जिनकी आयु 40 वर्ष से अधिक न हो। अनुसूचित जाति, जनजाति और महिलाओं को आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। पात्र अभ्यर्थियों में जिनकी जन्मतिथि पहले होगी, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन कृषि विभाग की वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in/agrijunction पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे। आवेदन करते समय शैक्षिक प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास, आधार और पैन कार्ड अपलोड करना अनिवार्य होगा। सोम प्रकाश गुप्ता ने यह भी बताया कि एग्री जंक्शन खोलने वाले उद्यमियों को मासिक ₹1000 दुकान किराया दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ₹5 लाख के ऋण पर ₹60000 का ब्याज अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में उप कृषि निदेशक, मऊ के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *