![]()
मऊ में सोमवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीडीओ ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी एक विभाग की कमजोर प्रगति से पूरे जिले की रैंकिंग प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बिजली कटौती पर सख्त चेतावनी
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता को बिना कारण बिजली कटौती न करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने चेतावनी दी कि जानबूझकर विद्युत आपूर्ति बाधित करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। किसानों और फैमिली आईडी पर विशेष जोर
कृषि विभाग की समीक्षा में सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों को योजनाओं का समान रूप से लाभ मिले और किसी एक व्यक्ति को बार-बार लाभ न दिया जाए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री कुसुम योजना का शत-प्रतिशत लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, सभी खंड विकास अधिकारियों को अभियान चलाकर शेष परिवारों की फैमिली आईडी जल्द तैयार कराने के लिए कहा गया। ‘डी’ श्रेणी वाले विभागों को सुधारने के निर्देश
ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालय निरीक्षण का डेटा समय से प्रेरणा ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर ‘डी’ श्रेणी में शामिल विभागों पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने कहा कि नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के जरिए सभी विभाग ‘ए’ श्रेणी में आने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा डैशबोर्ड की लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और इसी के आधार पर जिले की रैंकिंग तय होती है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
मऊ में सीडीओ ने योजनाओं की समीक्षा की:धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी; बिजली कटौती पर दी कार्रवाई की चेतावनी