![]()
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दतौड़ा में आबादी की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह घटना 3 अप्रैल की है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और कई लोग घायल हो गए। पीड़िता प्रियंका ने बताया कि विवादित स्थान पर उनके दादा का मकान है और यह जमीन आबादी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष जबरन जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इससे पहले भी विपक्षी ने वहां सामान रखा था, जिसकी शिकायत हलधरपुर थाने में की गई थी। प्रियंका के अनुसार, इस मामले में कोर्ट में मुकदमा चल रहा है और जमीन पर स्थगन आदेश (स्टे) भी है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष ने वहां ईंट और अन्य निर्माण सामग्री रख दी। पीड़िता ने बताया कि जब विपक्षी ईंट रख रहे थे, तब 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई थी। हालांकि, उसी दिन शाम को विपक्षी पक्ष के लोग दोबारा पहुंचे और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। प्रियंका ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनके परिवार के कई सदस्यों—उनकी माता, पिता, भाई और दादी—को चोटें आई हैं। पीड़िता का यह भी कहना है कि विपक्षी पक्ष ने उल्टा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है, जबकि उनके घायल परिजनों का अभी तक मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया है। न्याय की मांग को लेकर प्रियंका जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और एक लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, जिलाधिकारी ने मामले में मेडिकल परीक्षण कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पूरे मामले पर हलधरपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक पक्ष का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है दूसरे पक्ष के तहरीर पर जांच किया जा रहा है।
Source link
मऊ में जमीनी विवाद पर दो पक्षों में मारपीट:कई लोग घायल, पीड़िता ने डीएम से की न्याय की गुहार