भारत यादव हत्याकांड, दो इनामी आरोपी गिरफ्तार:मुख्य आरोपी पहले ही पकड़ा गया था, प्रेम-प्रसंग में हुई थी हत्या


कौशांबी पुलिस ने भारत यादव हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। इस मामले के मुख्य आरोपी अशोक कुमार पाण्डेय को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। यह घटना 19 अप्रैल रविवार देर शाम करारी थाना क्षेत्र के छोटा अड़हरा गांव में हुई थी, जहां एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लगभग आठ साल से प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक भारत यादव (30) ने आठ साल पहले ननिहाल में रह रही एक लड़की से भागकर शादी की थी। इसके बाद वह गांव नहीं आता था और महाराष्ट्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसकी पत्नी छह साल पहले गांव आकर रहने लगी थी। मृतक की पहचान छोटा अड़हरा गांव निवासी भारत यादव पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कौशांबी, क्षेत्राधिकारी मंझनपुर और करारी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। मृतक के पिता छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने 21 अप्रैल मंगलवार दोपहर को मुख्य आरोपी अशोक कुमार पाण्डेय पुत्र शिवबरन पाण्डेय को अड़हरा मोड़ नहर के पास से गिरफ्तार किया था। एएसपी कौशांबी ने बताया कि इस मामले में अशोक कुमार पाण्डेय के पुत्र आकाश पाण्डेय और अंकित पाण्डेय फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कौशांबी द्वारा 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घटना के खुलासे और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। गठित टीमों ने गुरुवार सुबह दबिश देकर आकाश पाण्डेय और अंकित पाण्डेय को गिरफ्तार किया। एएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विधिक कार्यवाही के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *