![]()
ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने बुलंदशहर में कहा कि भारत और ईरान की संस्कृति एवं सभ्यता हजारों वर्षों पुरानी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कठिन और आपात परिस्थितियों में भी भारत ने ईरान का साथ नहीं छोड़ा, जिसके लिए ईरानी जनता भारत के प्रति सम्मान और प्रेम रखती है। अब्दुल मजीद हकीम इलाही मंगलवार को नगर के ऊपरकोट क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इलाही ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां सभी धर्मों और संस्कृतियों को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि भारत और ईरान के रिश्ते केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक स्तर पर भी बेहद मजबूत रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान को भविष्य में भी भारत के लोगों से इसी तरह प्यार, सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा। इलाही ने दोनों देशों के बीच आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक विचारों के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और मानवता का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने अतिथियों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया।
Source link
'भारत-ईरान की संस्कृति हजारों साल पुरानी':बुलंदशहर में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि बोले- भारत विविधताओं का देश है