भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के जुलूस में आए युवक पर फायरिंग:मेरठ में रोहित मिश्रा के स्वागत में पहुंचे थे, काफिला गुजरते ही पहले गाड़ी चढ़ाकर फिर गोली चलाकर हत्या का प्रयास


मेरठ में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के जुलूस में शामिल होने आए युवकों पर फायरिंग हो गई। फायरिंग करने वाले हमलावर और जिन पर फायर किया गया दोनों ही पक्ष रोहित मिश्रा के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही परतापुर टोल प्लाजा से रोहित मिश्रा का काफिला आगे बढ़ा। टोल से आगे जाते ही परतापुर थानाक्षेत्र में ही फायरिंग हो गई। गनीमत रही कि रोहित का काफिला पहले ही आगे निकल चुका था। उसके पीछे से ये फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी दोनों ही पक्षों के युवकों की पुरानी रंजिश है। दोनों ही पक्ष के युवक इस आयोजन में शामिल होने आए थे। आरोपी पक्ष अपने साथ पिस्टल, तमंचा लेकर जुलूस में शामिल हुआ था। मौका देखते ही उसने दूसरे पक्ष पर पहले गाड़ी चढ़ाकर मारने का प्रयास किया इसके बाद सरेआम फायर कर हत्या करने का प्रयास किया। उसका निशाना चूक गया। आज शहर में यूपी सरकार के मुख्य सचिव और डीजीपी हैं। इस घटना के एक घंटा पहले ही दोनों अफसर परतापुर थानाक्षेत्र से होते हुए ही मेरठ कमिश्नरी पहुंचे। जहां दोनों अधिकारी इस समय कांवड़ यात्रा की हाईलेवल मीटिंग ले रहे हैं। उसी समय जिले में भाजपा नेता के काफिले के पीछे फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर ले ली है। जिसके आधार पर परतापुर थाने पर मुकदमा लिखा जा रहा है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि पुलिस की चार टीमें इस घटना की जांच में लगी हैं। जो सीसीटीवी और कुछ वीडियोज के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही हैं। उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा जा रहा है। फायरिंग की घटना में आरोपी, पीड़ित पक्ष दोनों पहले से एक दूसरे से परिचित हैं, दोनों पक्षों का पुराना विवाद है। जिसको लेकर आज सोमवार को यह घटना हुई है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *