![]()
राहुल गांधी के केंद्र सरकार गिरने की भविष्यवाणी करने को लेकर भाजपा ने रविवार को पलटवार किया। महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राहुल का बयान दिन में सपने देखने जैसा है। वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल का बयान एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। जिसमें कांग्रेस, अन्य विपक्षी दल और टूलकिट गैंग शामिल हैं। ये लोग मिलकर भारत को अस्थिर करने का सपना देख रहे हैं। दरअसल राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की एक बैठक में शामिल हुए थे। सूत्रों के मुताबिक राहुल ने बैठक में कहा कि एक साल के अंदर केंद्र सरकार गिर जाएगी। पीएम मोदी की विदाई तय है। पीयूष गोयल बोले- भारत में आग लगाने की साजिश कामयाब नहीं होगी भाजपा ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाकर मोदी सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। BJP ने दावा किया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने X पर पोस्ट में लिखा- राहुल गांधी और उनके ‘साथी’ पूरे देश में ‘हिंसा भड़काने’ की कोशिश कर रहे हैं। भारत के प्रति उनकी नफरत इतनी गहरी है कि वे देश में कुछ भी सकारात्मक होते हुए देख ही नहीं सकते। इस देश के लोग समझदार हैं। वे राहुल गांधी, विपक्ष और उस ‘टूलकिट गैंग’ की असली फितरत को पूरी तरह समझते हैं, जो राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम कर रहा है। बार-बार, लोगों ने इन तत्वों को करारा जवाब दिया है। भारत को आग के हवाले करने की ‘INDI गठबंधन’ की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी। ‘टूलकिट गैंग’ शब्द भारत में खास तौर पर 2021 किसान आंदोलन के दौरान चर्चा में आया। उस समय स्वीडन की सोशल एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने ‘Toolkit Document’ नाम का एक डॉक्यमेंट शेयर किया था। ग्रेटा को विपक्ष ने काफी समर्थन दिया था। भाजपा ने आरोप लगाया कि टूलकिट गैंग अभियान चलाने, नैरेटिव बनाने या विरोध प्रदर्शन को ऑनलाइन बढ़ाने का काम करता है।
Source link
भाजपा बोली- राहुल का मोदी सरकार गिराना, सपने देखने जैसा:'टूलकिट गैंग' की फितरत सब जानते; राहुल बोले थे- एक साल में मोदी की विदाई तय