![]()
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा और उनके पति अवधेश मिश्रा पर दो पीड़ितों ने ठगी और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने मंगलवार शाम एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी फतेहपुर से न्याय की गुहार लगाई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहली पीड़िता राधा देवी, जो राधा नगर की निवासी हैं, ने बताया कि वह तीन ट्रक ट्रेलर (UP71AT9855, UP71AT9856, UP7BT0138) की मालकिन हैं। स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने नवंबर 2023 में 100 रुपये के स्टांप पर समझौता कर तीनों ट्रक 32 लाख रुपये में रेखा मिश्रा को चलाने के लिए दिए थे। राधा देवी का आरोप है कि 28 नवंबर 2023 को गाड़ियां ले जाने के बाद उन्हें केवल 10 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये का एक चेक दिया गया, जो बाद में बाउंस हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब न तो किश्तें जमा की जा रही हैं और न ही गाड़ियां वापस की जा रही हैं। उन्हें धमकी दी जा रही है कि अगर उन्होंने गाड़ी या पैसे मांगे तो उन्हें जान से मरवा दिया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो उन्होंने बताया कि कोर्ट के आदेश पर जहानाबाद थाने में अपराध संख्या 0147/2025 दर्ज की गई थी और आरोप पत्र भी दाखिल हो चुका है। इसके बावजूद, उनका एक ट्रक (UP71AT9856) अभी तक बरामद नहीं हुआ है। वहीं, दूसरी पीड़िता देवकन्या ने रेखा मिश्रा और उनके पति पर जमीन पर अवैध कब्जा करने और मारपीट का आरोप लगाया। दोनों पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर पुलिस पर दबाव बनाते हैं। पीड़ितों ने मांग की है कि उनके ट्रक बरामद कर वापस दिलाए जाएं, जमीन से अवैध कब्जा हटाया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा या उनके पति अवधेश मिश्रा की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
Source link
भाजपा जिला उपाध्यक्ष के पति पर ठगी का आरोप:दो पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से मांगी मदद, 10 लाख का चेक बाउंस होने का आरोप