भाजपा जिलाध्यक्ष ने सीएम से की मुलाकात:फिरोजाबाद के विकास को लेकर सौंपे सात प्रस्ताव, मेट्रो विस्तार की मांग


फिरोजाबाद। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, जिसमें आगरा मेट्रो के टूंडला तक विस्तार, चंद्रवार किले के जीर्णोद्धार और सफारी पार्क के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को दिए पत्र में बताया कि आगरा मेट्रो परियोजना का विस्तार कुबेरपुर तक हो चुका है। टूंडला तक इसका विस्तार होने से आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे बाबा नीम करौरी धाम और बटेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। एक अन्य प्रस्ताव में उन्होंने ऐतिहासिक चंद्रवार किले के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार की मांग की। उन्होंने कहा कि यह किला जिले की ऐतिहासिक धरोहर है और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, टूंडला क्षेत्र में वन विभाग की लगभग 400 एकड़ खाली भूमि पर सफारी पार्क और पर्यटन केंद्र विकसित करने का भी प्रस्ताव दिया गया है। उदय प्रताप सिंह ने जसराना में एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए शहर के बाहर बाईपास निर्माण को मंजूरी देने की मांग की। उन्होंने बताया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और मामला शासन स्तर पर लंबित है। इसके साथ ही, टूंडला-एटा मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग भी उठाई गई है। उनका तर्क है कि इस मार्ग पर कांवड़ यात्रा सहित भारी यातायात का दबाव रहता है, जिसके कारण चौड़ी सड़क की आवश्यकता है। जिलाध्यक्ष ने फिरोजाबाद नगर निगम, टूंडला व शिकोहाबाद नगरपालिकाओं तथा फरिहा, जसराना, मक्खनपुर और सिरसागंज नगर पंचायतों के तालाबों एवं नालों के आसपास सौंदर्यीकरण और पार्क विकसित करने की भी मांग की। उनका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों की सुंदरता बढ़ाना है। एक अन्य प्रस्ताव में उन्होंने पाढ़म कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगभग दस हजार से अधिक आबादी वाला यह क्षेत्र सभी मानकों को पूरा करता है और नगर पंचायत बनाए जाने का पात्र है। वहीं विधानसभा टूंडला के ग्राम नागऊ स्थित नीम करोली बाबा के जन्मस्थल तक राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से लगभग दो किलोमीटर सड़क को पक्का कराने, स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने और पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग भी मुख्यमंत्री से की गई है। उन्होंने कहा कि यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सभी प्रस्तावों को जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़ा बताते हुए मुख्यमंत्री से शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *