![]()
भदोही में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। भदोही के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पेड़, दीवार और बिजली के खंभे गिरने से महिलाओं और बच्चों समेत 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कई स्थानों पर सड़कें अवरुद्ध हो गईं और बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। पुलिस, प्रशासन और डायल-112 की टीमें देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। सुरियावां में एक ही परिवार पर टूटा कहर खरगसेनपट्टी गांव में अशोक गौतम के मकान पर विशाल नीम का पेड़ गिर गया। मकान का हिस्सा ढहने से परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में सुधा देवी (30), आरूही (4 वर्ष) और जूही (6 माह) की मौत हो गई। वहीं आदर्श (8 वर्ष) और आयुषी (6 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। इसी थाना क्षेत्र के झींगतेपुर गांव में मस्जिद की दीवार गिरने से नमाज पढ़ने गए शमसुद्दीन (65) की मौत हो गई। सुरियावां क्षेत्र के ही चकबनवारी गांव में बिजली का पोल गिरने से उसके नीचे दबकर सुरसत्ती देवी (50), पत्नी जगन्नाथ यादव उर्फ मच्छर, की मौत हो गई।
औराई क्षेत्र में चार लोगों की मौत सरौली गांव में मंदिर पर विशाल नीम का पेड़ गिरने से मंदिर ढह गया। मलबे में दबकर राजकुमारी (50), लालती (40) और गीता देवी (35) की मौत हो गई। रेणु देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। भरत यादव घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इसी थाना क्षेत्र के चकजोधी गांव में पेड़ गिरने से जानकी देवी (50) की मौत हो गई। चौरी में बिजली पोल गिरने से किशोर की मौत चांदीगहना गांव में पीपल का पेड़ बिजली तार पर गिर गया, जिससे विद्युत पोल टूटकर 10 वर्षीय विवेक गौंड पर जा गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बयांव गांव में पानी टंकी के पास पेड़ गिरने से कन्हैया लाल गौतम (35) की दबकर मौत हो गई। दुर्गागंज क्षेत्र में दो लोगों की मौत कुढ़वा गांव निवासी मंजू देवी (45) बाजार से लौट रही थीं। आंधी के दौरान वह नीम के पेड़ के नीचे रुकीं, तभी पेड़ गिरने से उनकी मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के रामपुर हरनाम गांव निवासी रामहौसिला बिंद (55) पेड़ गिरने से गंभीर घायल हो गए थे। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीवार गिरने से महिला की मौत जामुनंद मोहल्ला निवासी आसमा बेगम (52) की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई। वहीं इंदिरा मिल पुल के पास तेज आंधी में टीनशेड उड़कर गिर पड़ा, जिससे शमशाद और अमित उपाध्याय घायल हो गए। कुलमनपुर गांव में नीम की डाल गिरने से सवारी देवी (80), पत्नी श्याम नारायण मिश्र, की मौत हो गई। वहीं तिलंगा गांव में टीन गिरने से आशा देवी मिश्रा और साधना मिश्रा घायल हो गईं। पीपा पुल टूटा, बिजली व्यवस्था ध्वस्त तूफान के चलते रामपुर गंगा घाट पर बना पीपा पुल दो हिस्सों में बंट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास पेड़ हाईटेंशन तार पर गिर गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज की बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पशुपालकों को भी भारी नुकसान बड़ागांव के रामलीला मैदान में विशाल नीम का पेड़ गिरने से लालचंद सरोज की छह बकरियों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गईं। पीड़ित ने बताया कि बकरी पालन ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था और बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी। ऊंज के ही मुंगरी निवासी लालती देवी (55) पत्नी कृष्णा की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई।
कई गांवों में अंधेरा, सड़कें जाम कस्तूरीपुर, बनकट, चकचंदा, चौरी समेत कई गांवों में पेड़ गिरने से बिजली के खंभे टूट गए और सड़कें जाम हो गईं। कई स्थानों पर टीनशेड उड़ गए और पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।
Source link
भदोही में आंधी-तूफान से 16 लोगों की मौत, 6 घायल:पेड़, दीवार और बिजली के खंभे गिरने से हादसे; पीपा पुल टूटा, जनजीवन प्रभावित