![]()
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहल गांधी का 56वां जन्मदिन वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में मनाया। युवा कांग्रेस,NSUI और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने मां गंगा के मध्य वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दुग्धाभिषेक कर राहुल गांधी के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें भगवान परशुराम के स्वरूप में दर्शाने वाली तस्वीर के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उनके हाथों में संविधान भी दिखाया गया। गंगा नदी में कराया स्नान कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंगा नदी में नाव के माध्यम से पहुंचकर वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दुग्धाभिषेक किया। मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के बीच राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देशहित में उनके योगदान के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पार्टी समर्थक शामिल हुए। अब जानिए कार्यकर्ताओं ने क्या कहा… युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देश में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति सत्ता प्राप्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने की सोच पर आधारित है। इसी भावना के तहत उनके जन्मदिन को सेवा, संकल्प और प्रार्थना के रूप में मनाया गया। कांग्रेस पार्टी ने एक्स पर दी बधाई वहीं, कांग्रेस पार्टी ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा किया। पार्टी ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे समय में जब अधिकांश लोग चुप रहना पसंद करते हैं, राहुल गांधी ने हमेशा सही बात के लिए आवाज़ उठाई है। अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ उनकी लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। कांग्रेस ने अपने संदेश में आगे कहा कि राहुल गांधी लोगों को यह विश्वास दिलाते हैं कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने की दौड़ नहीं है, बल्कि यह सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम भी हो सकती है। पार्टी ने उन्हें युवाओं, विशेष रूप से ‘जेन ज़ी’ पीढ़ी की आवाज़ बताते हुए कहा कि वह उनकी आकांक्षाओं को समझते हैं, उन्हें सशक्त बनाते हैं और उनके मुद्दों को मुखरता से उठाते हैं।
Source link
भगवान पशुराम के स्वरूप में राहुल गांधी की तस्वीर:कार्यकर्ताओं ने मनाया जन्मदिन,बोले-अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के लिए आवाज उठाते हैं हमारे नेता