![]()
बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बृहस्पतिवार को दिनभर अभियान चलाया है। प्राधिकरण की टीम ने पिछले 24 घंटों के भीतर क्षेत्र में 8 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करने वाले कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं पर शिकंजा कसा है। यह कार्रवाई बुलंदशहर देहात क्षेत्र के हाईवे-34 पर स्थित दोस्तपुर फ्लाईओवर के निकट की गई। गांव दोस्तपुर में रतन सिंह, बबलू, ब्रजेश और मनोज द्वारा लगभग 48 बीघा भूमि पर चार अलग-अलग अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। बीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर इन सभी अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना लाइसेंस के अवैध कॉलोनियां विकसित करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए दो दिनों तक बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। बीते कल टीम ने 36 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग को जमींदोज किया था, जबकि आज लगभग 48 बीघा भूमि पर कार्रवाई की गई। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के किए जा रहे किसी भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग को बख्शा नहीं जाएगा। प्राधिकरण ने यह भी कहा है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही, प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।
Source link
बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई:24 घंटे में 8 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, भू-माफियाओं पर शिकंजा