बुलंदशहर में 11 साल की छात्रा खुले नाले में बही:10 घंटे बाद भी सुराग नहीं, NDRF-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी; कांग्रेस बोली- चेयरमैन-EO पर दर्ज हो मर्डर केस


बुलंदशहर में मूसलाधार बारिश में नगर के भूतेश्वर मंदिर के पास चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा चारु खुले नाले में गिरकर बह गई। घटना के 10 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं प्रशासनिक अमला और बचाव टीमें छात्रा की तलाश में जुटी हैं। घटना मंगलवार दोपहर की है। घटना की तस्वीरें… दोपहर 12:30 बजे हुआ हादसा, रेस्क्यू जारी घटना 28 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। बारिश के बीच छात्रा चारु स्कूल से लौट रही थी, तभी अचानक भूतेश्वर मंदिर के पास स्थित खुले नाले में जा गिरी। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बह गई। छात्रा को ढूँढने के लिए नगर पालिका, दमकल विभाग, NDRF और SDRF की टीमें युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। चेयरमैन और EO पर दर्ज हो हत्या का केस घटना के बाद जिले में सियासी माहौल भी गरमा गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने इस हादसे के लिए भाजपा की नगर पालिका चेयरमैन दीप्ति मित्तल और अधिशासी अधिकारी (EO) को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि चेयरमैन और ईओ पर हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। जियाउर्रहमान ने कहा कि सारा ठीकरा स्कूल टीचर पर नहीं फोड़ा जा सकता। नालों को ढक कर रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। भाजपा चेयरमैन और ईओ ने कमीशनखोरी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दो महीने पहले बनी सड़कें भी उखड़ गई हैं। उन्होंने शहर के सभी विकास कार्यों के ऑडिट की मांग करते हुए घोषणा की कि कांग्रेस नगर पालिका के भ्रष्टाचार के खिलाफ जल्द ‘हल्ला बोल’ अभियान चलाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल बोलीं-आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं स्थानीय पार्षद ने मुझे घटना की जानकारी दी थी। समय से पहले स्कूल की छुट्टी हो गई थी, बच्ची नाले में कैसे डूबी, कारणों का पता लगाया जा रहा है। मैं खुद मौके पर मौजूद हूँ। नगर पालिका, NDRF और प्रशासनिक अमला बच्ची की खोज में जुटा है। यह समय किसी पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का नहीं है, हमारी पूरी सहानुभूति परिवार के साथ है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया- बच्ची की तलाश में NDRF, SDRF, नगर पालिका, राजस्व और पुलिस की टीमें आपस में समन्वय बनाकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। परिजनों की तरफ से तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *