बुलंदशहर में सुसाइड करने वाले सिपाही का ऑडियो:बोला-एसओ-मुंशी की वजह से जान दे रहा, इन्होंने टॉर्चर किया


बुलंदशहर में गुरुवार तड़के 3 बजे सिपाही ने सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। साथी सिपाही ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने उसे भी गोली मारने की धमकी दी, फिर हवाई फायरिंग कर दी। सिपाही का इस ऑडियो भी सामने आया है। इसमें वो अपनी मौत के लिए थाने के एसओ और मुंशी को जिम्मेदार ठहरा रहा है। सुसाइड से पहले रिकॉर्डिंग सुधीर ने अपने परिजनों को भेजी थी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक सिपाही का नाम सुधीर ठाकुर (25) है। 3 महीने पहले ही उसकी नौकरी लगी थी। साथी सौरभ ने बताया कि सुधीर जिस लड़की को चाहता था उसकी एक महीने पहले शादी हो गई थी। इसके बाद से वह तनाव में रहता था। कई बार सुधीर को साथियों ने समझाने की कोशिश की। लेकिन वह बार-बार कहता था- मुझे मरना है। मामला औरंगाबाद कस्बे के लखावटी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। आगरा का रहने वाला था सिपाही सिपाही सुधीर मूल रूप से आगरा के इरादतनगर क्षेत्र के संगेचा गांव का रहने वाला था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई कृष्णा (32) गांव में खेती करते हैं, जबकि छोटा भाई पवन (21) पढ़ाई कर रहा है। मां गुड्डी देवी और पिता जगवीर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। साथी ने बताया- रात में कह रहा था कि अब जीना नहीं चाहता साथी सौरभ ने पुलिस अफसरों को बताया कि बुधवार देर रात सभी के साथ बैठे होने के बावजूद सुधीर बेचैन था। वह बार-बार कह रहा था- अब जीना नहीं चाहता। गुरुवार तड़के 3 बजे वह अपनी राइफल लेकर लखावटी चौकी से थोड़ी दूर नहर की तरफ जाने लगा। सौरभ ने बताया कि सुधीर को नहर की तरफ जाता देख उसे शक हुआ। वह उसके पीछे-पीछे जाने लगा। इस पर सुधीर ने सौरभ को पीछे आने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। सुधीर ने खुद को गोली मारकर जान देने की बात कही। सौरभ ने रोकने की कोशिश की तो उसने हवा में फायरिंग कर दी। इसके बाद सौरभ भागकर चौकी इंचार्ज को सूचना देने चला गया। जैसे ही सौरभ वहां से निकला, सुधीर ने गर्दन से राइफल सटाकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। ऑडियो आया सामने
मृतक के परिजनों का कहना है कि सुधीर ने सुसाइड से पहले एक ऑडियो भेजा। इसमें वो कह रहा है कि मैं सुधीर सिंह रिक्रूट कांस्टेबल। 13 तारीख को मेरे पेट में दर्द हो रहा था। मैंने अपने थाने के मुंशी अंकित को अपनी परेशानी बताई। उन्होंने मेरी एक नहीं सुनी। नए कोतवाली राहुल चौधरी को भी अपनी परेशानी बताई। उन्होंने मेरे साथ बहुत बुरा बर्ताव किया। मेरे साथ गाली गलौज की। मेरी परेशानी नहीं समझी और मुझे लाइन हाजिर कर दिया। मैं अब इस नौकरी से त्यागपत्र दे रहा हूं और अपनी जिंदगी से भी। मेरे मौत के जिम्मेदार मुंशी अंकित, एसओ राहुल चौधरी रहेंगे। इनकी वजह से जान दे रहा हूं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *