बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस ट्रक से टकराई:हादसे में 6 से अधिक यात्री घायल, तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा


जालौन से गुजर रहे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महोबा से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस को पीछे से तेज रफ्तार और ओवरलोड बालू से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। यह घटना एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 229 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बस अपने निर्धारित मार्ग पर दिल्ली की ओर जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने अनियंत्रित होकर बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी सीटों से गिरकर घायल हो गए। इस हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और अन्य वाहन चालकों ने हाईवे रिलीफ टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाईवे रिलीफ टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस कर रही मामले की जांच इस हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई, जो एक राहत की बात है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक ओवरलोड था और तेज रफ्तार में चल रहा था। इसी कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *