बीज विक्रेता का शव नहर में मिला:साथी गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर, सिर और चेहरा कुचला था, हत्या का आरोप


प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में एक बीज विक्रेता का शव नहर में मिला है। उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया, जिसे प्रयागराज रेफर किया गया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अकारीपुर गांव निवासी ओम प्रकाश पटेल (45) दयालगंज बाजार में बीज भंडार की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे उमाशंकर यादव और बृजेश यादव उन्हें मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गए थे। देर रात तक ओम प्रकाश के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे दयालगंज बाजार के पास नहर में ओम प्रकाश पटेल का शव मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और सिर व चेहरा कुचला हुआ था। घटनास्थल के पास ही उनके साथ गए बृजेश यादव भी अचेत और गंभीर हालत में मिले। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया है। मृतक के पुत्र शिवम पटेल ने थाने में तहरीर देकर उमाशंकर यादव सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *