![]()
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक प्रिंटर दुकानदार के घर लूट के इरादे से घुसे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। भीड़ की पिटाई के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर रविवार दोपहर 2 बजे बजे मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायालय में पेश किया। इस मामले में एक बीएससी छात्र, उसके नाबालिग भाई 12 वीं का छात्र और एक युवती को हिरासत में लिया गया है। यह घटना शनिवार दोपहर 2 बजे श्यामनगर के ई-ब्लॉक निवासी प्रिंटर दुकानदार राजेंद्र दधीचि के घर में हुई। नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर राजेंद्र की पत्नी राधा और बहू शैली पर लोहे की रॉड से हमला किया था। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने करीब 300 मीटर तक पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने प्रांजल उर्फ वरुण सिंह (21), उसके 17 वर्षीय नाबालिग भाई और प्रेमिका श्यामिका को हिरासत में लिया। शैली दधीचि की तहरीर पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रांजल ने पुलिस को बताया कि उसकी महिला मित्र श्यामिका और उसके परिवार ने 4 लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसमें उसने अपनी आईडी बतौर गारंटर लगाई थी। कर्ज न चुका पाने के कारण यह राशि बढ़कर 5.50 लाख रुपये हो गई थी। श्यामिका ने प्रांजल को बताया था कि उसके बड़े पापा राजेंद्र के घर में अक्सर बड़ी रकम रखी रहती है और दिन में पुरुष काम पर चले जाते हैं, जिससे महिलाएं अकेली होती हैं। प्रांजल के अनुसार, श्यामिका का परिवार 24 हजार रुपये की मासिक किस्त नहीं भर पा रहा था। श्यामिका ने उस पर दबाव बनाया कि चूंकि उसने गारंटी दी है, इसलिए उसे पूरा भुगतान करना होगा, अन्यथा वह उसे झूठे मामले में फंसा देगी। इसके बाद श्यामिका ने सोशल मीडिया पर अपराध के तरीके देखकर उसे नकाब पहनकर लूट करने की सलाह दी थी। इसके बाद उसने शुक्रवार को 250-250 रुपए के दो नक़ाब परमपुरवा बाजार से खरीदा था। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसका नाम भी शामिल कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बीएससी छात्र ने 250 रुपए का नकाब खरीदा:प्रेमिका का 5.50 लाख कर्ज चुकाने के लिए छोटे भाई के साथ लूट करने पहुंचा, पुलिस ने भेजा जेल