![]()
चित्रकूट में बिजली आपूर्ति और किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन ने मंगलवार को राजापुर की उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो 7 अगस्त से विद्युत विभाग का घेराव किया जाएगा। भाकियू के जिला महामंत्री अरुण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में तहसील अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चौहान, तीरथ सिंह फौजी और पप्पू सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति, बार-बार होने वाली कटौती और तकनीकी खामियों से परेशान हैं। इससे खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे किसानों की लागत बढ़ रही है और फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता विद्युत, राजापुर को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता के कारण किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के इस महत्वपूर्ण समय में निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी जिम्मेदारी ज्ञापन के माध्यम से भाकियू ने मांग की है कि बिजली व्यवस्था को तत्काल सुचारू किया जाए, खराब लाइनों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कराई जाए तथा किसानों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि विभाग ने समय रहते सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो 7 अगस्त से किसान विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे और चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी। उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन संबंधित विभाग को भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, भाकियू नेताओं ने कहा कि किसान अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे और समस्याओं के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। भाकियू के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जरूरत पड़ने पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के किसान भी इसमें शामिल होंगे।
Source link
बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो 7 अगस्त से होगा घेराव:भाकियू ने राजापुर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, किसानों की समस्याओं पर दी चेतावनी