बिजनौर में नकली सोना बेचने पर युवक की पिटाई, VIDEO:ज्वैलर्स की दुकान पर बेचने पहुंचा था, पुलिस जांच में जुटी


बिजनौर के धामपुर में नकली सोना बेचने के आरोप में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार देर शाम सराफा बाजार में हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह घटना धामपुर के मुख्य बाजार स्थित फल चौक के पास हुई, जहां कई सराफा कारोबारियों की दुकानें हैं। सोमवार शाम करीब 5 बजे एक 30 वर्षीय युवक इन दुकानों पर पहुंचा। उसने कई सराफा कारोबारियों को सोने के गहने दिखाकर उन्हें बेचने का प्रयास किया। कुछ दुकानदारों ने युवक के आभूषण खरीदने से इनकार कर दिया था। हालांकि, एक सराफा कारोबारी ने युवक द्वारा दिखाए गए आभूषण खरीद लिए। जांच करने पर पता चला कि ये आभूषण नकली थे और चांदी के बने थे। कारोबारी ने तुरंत अन्य दुकानदारों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अन्य कारोबारियों ने युवक का पीछा किया और उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद युवक के साथ मारपीट की गई। मारपीट की यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुए 33 और 45 सेकंड के दो वीडियो में साफ दिखाई दे रही है। धामपुर के सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *