बिजनौर में खादर के गांवों में घुसा बाढ़ का पानी:गंगा फिर से उफनाई, स्टेट हाईवे पर 2 फीट पानी; ट्रैक्टर से निकाली कार


बिजनौर में पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से गंगा नदी एक बार फिर उफान पर है। चांदपुर तहसील के जलीलपुर ब्लॉक स्थित खादर क्षेत्र में बाढ़ का पानी घुस गया है। बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर करीब दो फीट पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए भी जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इस सीजन में यह तीसरी बार है जब जलीलपुर का खादर इलाका गंगा की बाढ़ से प्रभावित हुआ है। इससे पहले 29 जुलाई और 6 अगस्त को भी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी थी। अब दोबारा पानी बढ़ने से करीब एक दर्जन गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बाढ़ का पानी रायपुर खादर और सीकरी गांव में फिर पहुंच गया है। सीकरी गांव में कई घरों के अंदर पानी भरने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं रायपुर खादर में हालात और खराब हैं। यहां ग्रामीण कमर तक पानी में चलकर अपने घरों और जरूरी स्थानों तक पहुंचने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार गंगा का जलस्तर बढ़ने पर खादर क्षेत्र के गांवों में यही स्थिति बनती है। पानी कम होने के बाद लोग राहत की सांस लेते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद दोबारा बाढ़ आने से उनकी परेशानी लौट आती है। बाढ़ से जुड़ी 7 तस्वीरें देखें…. दो फीट पानी में बंद हुई कार, ट्रैक्टर से निकाली बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर करीब दो फीट पानी बहने के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। इसी दौरान पानी में फंसने से एक कार बंद हो गई। बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया। नारनौर से हस्तिनापुर की ओर जाने वाले ग्रामीण भी जोखिम उठाकर पानी पार कर रहे हैं। बाढ़ के कारण कई जगह सामान्य यातायात ठप होने से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैलगाड़ी का सहारा ले रहे हैं। बाढ़ बढ़ी तो और गांवों पर मंडरा सकता है संकट ग्रामीणों का कहना है कि गंगा का पानी लगातार बढ़ता रहा तो खादर क्षेत्र के अन्य गांवों में भी बाढ़ का पानी पहुंच सकता है। पहले से बाढ़ की मार झेल चुके ग्रामीण इस बार प्रशासन से राहत और बचाव के इंतजाम मजबूत रखने की उम्मीद कर रहे हैं। फिलहाल गंगा के उफान ने खादर क्षेत्र में एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *