बिजनौर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी:जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की


बिजनौर, 19 जून, 2026: जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में आज शाम 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी नामित नोडल अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने बैठक में योग दिवस के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की गौरवशाली योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में योग दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन पूरी गरिमा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया जाए। कौर ने जोर दिया कि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने का भी प्रभावी साधन है। इसलिए योग दिवस के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस के आयोजन में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योग के महत्व को समझते हुए इसमें भाग ले सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, मनरेगा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राकेश कुमार, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. आरती गुप्ता सहित सभी संबंधित अधिकारी और योग संस्थान उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *