![]()
शहर की हृदय स्थली गोलघर में स्थित इंदिरा बाल विकार फूड पार्क के लिए अब नया डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार किया जा रहा है। DPR तैयार होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करा दिया जाएगा। चटोरी गली से सटे इस फूड पार्क का कलेवर भी अब पूरी तरह बदल जाएगा। यहां अंडरग्राउंड पार्किंग की भी सुविधा देने की तैयारी है। साथ ही मुख्य मार्ग से यहां पहुंचने के लिए एक अलग रास्ता देने पर भी विचार चल रहा है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष ने हाल ही में मौके का निरीक्षण किया है।
प्राधिकरण इस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक एवं व्यावसायिक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है। यह फूड पार्क कभी परिवारों और युवाओं की पसंदीदा जगह हुआ करता था। नगर निगम द्वारा आसपास की मुख्य सड़क, फुटपाथ और बाजार क्षेत्र का चटोरी गली के रूप में सुंदरीकरण किया गया है। इससे पूरे क्षेत्र की स्थिति बदल गई है। लेकिन फूड पार्क का आंतरिक हिस्सा अब भी पुराने स्वरूप में है। यही वजह है कि जीडीए ने इस पूरे परिसर को आधुनिक स्वरूप देने की योजना पर फिर से तेजी से काम शुरू कर दिया है।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निरीक्षण के दौरान इस बात पर विशेष मंथन हुआ कि चटोरी गली के मार्ग का उपयोग किए बिना मुख्य सड़क से सीधे फूड पार्क तक कैसे पहुंच बनाई जाए। साथ ही पार्किंग क्षमता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जानिए कहां पार्किंग की जगह तलाश रहे संशोधित योजना के तहत व्यावसायिक कांप्लेक्स में एक तल नीचे भूमिगत पार्किंग विकसित की जाएगी। इसके अलावा फूड पार्क से सटे बच्चों के पार्क के नीचे भी भूमिगत पार्किंग विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। नए बिल्डिंग बायलाज के अनुसार पार्क के कुल क्षेत्रफल के 70 प्रतिशत हिस्से का उपयोग भूमिगत पार्किंग के लिए किया जा सकता है, जिससे भविष्य में पार्किंग की समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है।
वर्तमान में परिसर में कई स्थानों पर रेलिंग क्षतिग्रस्त हैं, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है और प्रकाश व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। कई जगह टूटे सजावटी लैंप, बिखरी संरचनाएं और खुलेआम घूमते गोवंश परिसर की उपयोगिता को प्रभावित करते हैं। पुरानी फर्म ने छोड़ दिया था काम प्राधिकरण की ओर से लगभग 1 साल पहले भी सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मोड पर इस पार्क को विकसित करने की योजना बनाई गई थी। यहां आधुनिक शॉपिंग कांप्लेक्स के साथ 150 वर्ग फीट की 10 दुकानें बनाने की तैयारी थी। यह काम प्रभा कंस्ट्रक्शन को मिला था लेकिन बाद में फर्म को यह लगा कि मासिक भुगतान की शर्तें उसके अनुकूल नहीं हैं। जिससे 6 महीने तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। बाद में प्राधिकरण ने यह टेंडर निरस्त कर दिया। जल्द शुरू होगा काम GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि इंदिरा बाल विहार स्थित फूड पार्क को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। नया DPR तैयार हो रहा है। इसमें मुख्य मार्ग से यहां तक पहुंचे, अंडरग्राउंड पार्किंग और आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जल्द ही इसका टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
Source link
बाल विहार फूड पार्क के लिए अब नई DPR:बदलेगा कलेवर; अंडरग्राउंड पार्किंग भी बनेगी