![]()
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव की मतगणना में गुरुवार को 10वें एलिमिनेशन राउंड के परिणाम घोषित किए गए। इस चरण में नौ उम्मीदवारों—अनुराधा सिंह, विवेक भट्ट, मनोज कुमार त्रिपाठी, गिरधारी लाल केसरी, आलोक कुमार श्रीवास्तव, नंद कुमार सिंह, श्रवण कुमार शर्मा गौर, परमेश्वर कुमार और नरसिंह दास गुप्ता—को बाहर कर दिया गया, जिसके बाद उनके मत शेष प्रत्याशियों को हस्तांतरित किए गए। 10वें एलिमिनेशन राउंड के बाद कानपुर नगर के अनुराग पांडेय अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। उनके मत बढ़कर 4672 हो गए हैं। लखनऊ के प्रशांत सिंह अटल 4418 मतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। बुलंदशहर के शिव किशोर गौर 3861 मतों के साथ तीसरे, प्रयागराज के देवेंद्र मिश्रा नागराहा 3855 मतों के साथ चौथे और बरेली के शिरीष कुमार मेहरोत्रा 3493 मतों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। प्रयागराज के कई उम्मीदवार भी शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। इनमें अजय यादव को 3082, इमरान मबूद खान (आई.एम. खान) को 3079, पंचूराम मौर्य को 3074, अमरेंद्र नाथ सिंह को 2551, इमरान उल्लाह को 2513 और राकेश पाठक को 2321 मत मिले हैं। मतगणना प्रक्रिया के तहत, प्रत्येक एलिमिनेशन राउंड में बाहर हुए प्रत्याशियों के मत मतदाताओं की वरीयता के आधार पर शेष उम्मीदवारों को हस्तांतरित किए जाते हैं। इसी कारण शीर्ष उम्मीदवारों के मतों में लगातार वृद्धि हो रही है। 10वें एलिमिनेशन तक कुल 1171 वैध मत स्थानांतरित किए गए, जबकि 67 मत ‘एक्सहॉस्टेड’ (स्थानांतरित न हो पाने वाले) घोषित हुए। कुल मतों की गिनती 1238 तक पहुंच चुकी है। मतगणना अभी जारी है और अगले एलिमिनेशन राउंड में उम्मीदवारों की स्थिति में और बदलाव आने की संभावना है। फिलहाल, अनुराग पांडेय अपनी स्पष्ट बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि प्रशांत सिंह अटल उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बने हुए हैं।
Source link
बार काउंसिल चुनाव: 9 उम्मीदवार बाहर, अनुराग पांडेय आगे:10वें एलिमिनेशन के बाद जीत की जंग तेज, प्रशांत अटल दूसरे स्थान पर