![]()
लखीमपुर खीरी के निघासन तहसील क्षेत्र में मंगलवार को बाढ़ का जायजा लेने जा रहे एसडीएम यदुवीर सिंह की सरकारी गाड़ी जलभराव वाले रास्ते पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई। वाहन का एक पहिया गड्ढे में उतर गया। हादसे में एसडीएम और उनका स्टाफ बाल-बाल बच गया। घटना लुधौरी गांव से पुरैना गांव जाने वाले मार्ग पर हुई। शारदा नदी में आई बाढ़ के कारण रास्ते पर पानी भरा हुआ है। मंगलवार दोपहर एसडीएम अपने स्टाफ के साथ पुरैना गांव में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जा रहे थे। इसी दौरान जलभराव वाले रास्ते से गुजरते समय उनकी सरकारी गाड़ी सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गई। ग्रामीणों ने 20 मिनट में वाहन बाहर निकाला गाड़ी के अचानक गड्ढे में फंसने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, वाहन का केवल एक पहिया ही गड्ढे में फंसा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एसडीएम और उनके स्टाफ को कोई चोट नहीं आई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद के लिए पहुंचकर वाहन को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद गाड़ी को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। जलभराव से बढ़ा रास्तों पर खतरा बाढ़ प्रभावित मार्गों पर पानी भरने से सड़क और उसके किनारे बने गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी इन रास्तों पर आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। मंगलवार को हुई घटना ने जलभराव वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी की जरूरत को भी सामने ला दिया।
Source link
बाढ़ का जायजा लेने निकले एसडीएम की गाड़ी फंसी:लुधौरी-पुरैना मार्ग पर जलभराव के बीच हादसा; ग्रामीणों ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद वाहन निकाला