![]()
बहराइच शहर के वार्ड नंबर-1 चांदमारी के नागरिकों ने रविवार दोपहर प्रदर्शन किया। मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी और रेलवे क्रॉसिंग बंद किए जाने के विरोध में लोग सड़कों पर उतरे। बारिश के बावजूद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकाला और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इसमें नागरिकों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं की घोर उपेक्षा की जा रही है। ज्ञापन में बताया गया कि अमान परिवर्तन के दौरान पहले रेलवे क्रॉसिंग 41सी बंद कर दी गई थी। बाद में विकल्प के तौर पर इस्तेमाल हो रही 40सी क्रॉसिंग को भी बंद कर दिया गया। इसके कारण 120 फीट का मुख्य रास्ता अब 18 फीट के अतिक्रमित रास्ते से जुड़ गया है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में जलनिकासी का उचित प्रबंध नहीं है। इस समस्या के चलते करीब 25 हजार की आबादी का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। मोहल्लावासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी चुनाव से पहले उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व सभासद बबलू गौतम ने मांग की कि रेलवे क्रॉसिंग 41सी को या तो फिर से शुरू किया जाए या वहां फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए। उन्होंने जलनिकासी की पक्की व्यवस्था करने की भी बात कही। इस प्रदर्शन में विवेक सिंह, संतोष त्रिपाठी, अरविंद तिवारी, निकुंज केडिया, राजू पाठक, सुनील मिश्र, दिनेश तिवारी, सुनील मौर्य, दीनानाथ मौर्य, डॉ. शैलेश श्रीवास्तव और जहीर सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।
Source link
बहराइच में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर प्रदर्शन:नागरिकों ने जलनिकासी की समस्या को लेकर भी ज्ञापन सौंपा