![]()
कायस्थ सेवा ट्रस्ट की मासिक बैठक सोमवार दोपहर 3 बजे चित्रगुप्त चौक स्थित चित्रगुप्त मंदिर में मंडल सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन के विस्तार, समाजसेवा, डिजिटल प्रचार-प्रसार और सावन माह में सामूहिक रुद्राभिषेक के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यदि सभी पदाधिकारियों की सहमति बनती है और परिस्थितियां अनुकूल रहती हैं, तो इस वर्ष सावन में संगठन की ओर से सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन कराया जाएगा। उन्होंने इस पहल को सामाजिक और धार्मिक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। वरिष्ठ पदाधिकारी दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने रौता चौराहे को “चित्रगुप्त चौक” के नाम से अधिक से अधिक प्रचारित करने का आह्वान किया। मंडल उपाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने संगठन की आर्थिक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित आय के बिना किसी भी सामाजिक कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करना संभव नहीं है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समय पर मासिक शुल्क जमा करने की अपील की। जिला संयोजक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुझाव दिया कि डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग कर संगठन की गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाया जाए, जिससे नए सदस्य जुड़ सकें। जिला सचिव अभिषेक श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि वन महोत्सव सप्ताह के तहत जल्द ही संगठन की ओर से वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। संस्थापक अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ सेवा ट्रस्ट हमेशा समाजसेवा के लिए समर्पित रहा है और जरूरतमंदों की सहायता का कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों का श्रेय सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों को दिया। बैठक में डब्बू श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव, कुलदीप श्रीवास्तव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, नितेश श्रीवास्तव, रनदीप माथुर, रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
Source link
बस्ती में कायस्थ सेवा ट्रस्ट करेगा संगठन का विस्तार:सावन में सामूहिक रुद्राभिषेक कराने को चर्चा, वन महोत्सव में पौधरोपण का ऐलान