बलिया में सघन स्वास्थ्य शिविर आयोजित:एचआईवी, टीबी, हेपेटाइटिस की जांच और जागरूकता पर अभियान


बलिया जिला चिकित्सालय परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के तत्वावधान में एक सघन स्वास्थ्य शिविर, संगोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला क्षय रोग विभाग, बलिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को एचआईवी/एड्स, टीबी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना था। युवाओं को सुरक्षित व्यवहार अपनाने और एचआईवी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें अधिक से अधिक लोगों तक क्यूआर कोड पहुंचाकर स्वयं अपना जोखिम आकलन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस जागरूकता अभियान में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं, एनसीसी बटालियन के कैडेट्स और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अमर शहीद चेतना संस्थान द्वारा संचालित टारगेटेड इंटरवेंशन परियोजना के तहत युवाओं के लिए एचआईवी जांच हेतु एक विशेष कैनोपी लगाई गई थी। संस्था के कार्यक्रम प्रबंधक अमरदीप विश्वकर्मा ने युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक किया। आईसीटीसी काउंसलर राजीव कुमार सिंह सेंगर ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी) की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी, साथ ही एचआईवी की रोकथाम, जांच और उपचार सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने अपने संबोधन में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री के माध्यम से समुदाय तक सही स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सीपीएम नागेंद्र पांडेय ने युवाओं को क्यूआर कोड के माध्यम से जोखिम आकलन की सुविधा अधिक लोगों तक पहुंचाने और प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं अपना आकलन करने के लिए प्रेरित किया। डीटीओ डॉ. साकेत बिहारी ने टीबी और एचआईवी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्या, डीपीएम-एनआरएचएम, टीआई परियोजना का समस्त स्टाफ और जिला क्षय रोग विभाग से अनूप, अभिषेक, अनुज, आशीष आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी के सामूहिक सहयोग से संगोष्ठी, प्रदर्शनी और सघन स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन और समापन हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *