![]()
शाहजहांपुर में बारिश और तेज हवाओं के कारण शनिवार को शहर के कई इलाकों में करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे नाराज लोगों ने रात करीब साढ़े 10 बजे राजघाट चौकी के पास सड़क पर सीढ़ी रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण घरों में पानी तक की समस्या हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग बिजली बहाल होने तक जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। तेज हवाओं से टूटे 10 बिजली के खंभे तेज हवाओं के कारण शहर के बिजली नेटवर्क को नुकसान पहुंचा है। गोविंदगंज में पांच, अब्दुल्लागंज में तीन और हथौड़ा क्षेत्र में दो बिजली के खंभे टूट गए। इसके अलावा कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां बिजली लाइनों पर गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई। अब्दुल्लागंज उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में शनिवार सुबह करीब 11 बजे फॉल्ट आया था। विद्युत विभाग की टीम ने करीब शाम 8 बजे तक इसे ठीक किया। इसके बाद भी कई इलाकों में अन्य फाल्ट और क्षतिग्रस्त लाइनों के कारण बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। पेट्रोलिंग और पेड़ों की डालियां काटने में जुटी टीमें विद्युत निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में पेट्रोलिंग कर फॉल्ट तलाश रही हैं। बिजली लाइनों पर गिरी पेड़ों की डालियों को भी काटकर हटाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, तेज हवाओं की रफ्तार कम होने के बाद प्रभावित इलाकों में मरम्मत का काम तेजी से कराकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। बिजली आने तक जाम खोलने से इनकार बिजली कटौती से नाराज लोगों ने शनिवार रात राजघाट चौकी के पास सड़क पर सीढ़ी रखकर आवागमन रोक दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और जाम खुलवाने का प्रयास किया। विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी बातचीत के लिए मौके पर बुलाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती, वे जाम नहीं खोलेंगे। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी लोगों को समझाने में जुटे रहे।
Source link
शाहजहांपुर में 10 घंटे बिजली गुल, लोगों में आक्रोश:सड़क पर सीढ़ी रखकर लगाया जाम, बारिश और हवाओं से बिजली आपूर्ति बाधित