![]()
बलिया में शुक्रवार शाम ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’, ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ और 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गंगा बहुद्देशीय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश मंत्री विजय कुमार राजभर और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस भी निकाला गया। विभाजन की त्रासदी पर दिखाई लघु फिल्म कार्यक्रम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने कहा कि देश के इतिहास के इस काले अध्याय को जानना और आने वाली पीढ़ी को इसके बारे में बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 को देश आजादी का जश्न मनाने की तैयारी कर रहा था, वहीं दूसरी ओर विभाजन के कारण लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और हजारों परिवारों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील विजय राजभर ने कहा कि विभाजन के दौर की पीड़ा को शब्दों में बयान करना आज भी कठिन है। उन्होंने लोगों से इतिहास से जुड़े दस्तावेज, पुस्तकें और उपलब्ध वीडियो सामग्री देखने की अपील की, ताकि उस समय की परिस्थितियों को समझकर नई पीढ़ी तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा सके। विकसित भारत के लक्ष्य का किया जिक्र परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली, लेकिन उससे पहले देशवासियों को विभाजन की भयावह त्रासदी से गुजरना पड़ा। धर्म के आधार पर हुए विभाजन के कारण लाखों लोगों को घर, परिवार, संस्कृति और जमीन छोड़कर अनजान स्थानों पर विस्थापित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब एक ओर लोग आजादी का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बेघर होकर सुरक्षित स्थानों की तलाश में भटक रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और विश्वगुरु की दिशा में आगे बढ़ाने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित सम्मानित कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर प्रस्तुति दी, जिसे देखकर मौजूद लोगों ने सराहना की। परिवहन मंत्री ने प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। मौन जुलूस निकालकर दी श्रद्धांजलि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रम स्थल से मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एसपी ओमवीर सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, सीआरओ गुलशन, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, राज्य महिला आयोग सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, डीडीओ आनंद प्रकाश समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। देखें कार्यक्रम की फोटो…
Source link
बलिया में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस:मंत्रियों ने कहा- इतिहास जानना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी