बलरामपुर के पांच गांवों में तेंदुए का खौफ:बच्चों को घरों में रहने की सलाह, 20 दिन से सक्रिय, ईंट भट्ठे पर दिखा, VIDEO


बलरामपुर के गौरा चौराहा क्षेत्र स्थित रतनपुर गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। तुलसीपुर वन यूनिट के अंतर्गत आने वाले इस गांव में तेंदुआ पिछले लगभग 20 दिनों से एक ईंट भट्ठे के पास डेरा डाले हुए है। शुक्रवार देर शाम करीब पांच बजे रतनपुर स्थित मन्नू चौधरी के ईंट भट्ठे पर तेंदुआ खुलेआम बैठा देखा गया। यह लगभग एक घंटे तक वहीं बैठा रहा और आसपास जमा भीड़ को देखता रहा। तेंदुए के दिखने की खबर फैलते ही भट्ठे पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने और अंधेरा होने पर तेंदुआ धीरे-धीरे भट्ठे के पास बनी गहरी होल और घनी झाड़ियों में छिप गया। बताया जा रहा है कि भट्ठे के चारों ओर फैली झाड़ियां उसके लिए सुरक्षित ठिकाना बन गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ अब तक अलगू पाल की भेड़, बकरी, कुत्ता और सियार को अपना शिकार बना चुका है। इन घटनाओं के कारण रतनपुर, विजयनगर झौव्वा, जोगीडीह, ठाकुरडीह और चिवटिहवा समेत पांच गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां तेंदुआ अक्सर दिखाई देता है, वहां से कुछ ही दूरी पर लोगों के घर हैं। इससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। इस संबंध में वन दरोगा मनमोहन पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *