![]()
बलरामपुर जिले की 16 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इन रिक्त पदों को भरने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर चयन की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब जिला स्तर पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन और अनुमोदन की प्रक्रिया जारी है। प्रभारी जिला पंचायतराज अधिकारी अशोक कुमार सचान ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर चयनित अभ्यर्थियों का विवरण जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। समिति द्वारा अभिलेखों और पात्रता का सत्यापन करने के बाद, नियुक्ति का प्रस्ताव जिलाधिकारी के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति मिलते ही चयनित अभ्यर्थियों को रिक्त पदों पर नियुक्ति दे दी जाएगी। सचान ने यह भी बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न की जा रही है। पंचायत सहायकों की तैनाती से ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी। इससे ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, ऑनलाइन आवेदन और अन्य पंचायत सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों में कार्य सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा।
Source link
बलरामपुर की 16 पंचायतों में पंचायत सहायक जल्द तैनात होंगे:भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में, सत्यापन और अनुमोदन जारी