बरेली में रेस्टोरेंट मालिक ने की फायरिंग:वायरल वीडियो में अवैध तमंचे का इस्तेमाल, रील बनाने का आरोप


बरेली के सुभाषनगर इलाके में एक रेस्टोरेंट मालिक का अवैध तमंचे से खुलेआम फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग किसी विवाद के दौरान नहीं, बल्कि ‘रील’ बनाने के लिए की गई थी। इस घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में आरोपी के साथ कुछ अन्य युवक भी दिख रहे हैं, जो इस घटना को रिकॉर्ड कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार देशी कट्टा हो सकता है। यह घटना केवल अवैध हथियारों के इस्तेमाल तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर ‘दबंग छवि’ बनाने के बढ़ते चलन को भी दर्शाती है। लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए ऐसे खतरनाक स्टंट समाज में गलत संदेश दे रहे हैं। इस मामले में थाना इज्जतनगर क्षेत्र के निवासी सुमित कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप है कि मढ़ीनाथ निवासी कार्तिक शर्मा लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। शिकायतकर्ता ने दिल्ली बाईपास स्थित “80s Dug Out” रेस्टोरेंट पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब परोसी जाती है, नशीले पदार्थों का कारोबार होता है और अवैध असलहों से जुड़े नेटवर्क सक्रिय हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की दबंगई के कारण कोई भी खुलकर विरोध नहीं कर पाता। इसी वजह से शिकायत सीधे मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई है। सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में लाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध हथियारों के इस्तेमाल पर कड़ी कानूनी धाराएं लगाई जाएंगी। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से इस मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो इलाके में अवैध गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *