बरेली में रात में चला बुलडोजर, स्टॉल जब्त:कार्रवाई के दौरान नगर निगम टीम और दुकानदारों में हुई नोकझोंक


बरेली के डीडी पुरम में सोमवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम का प्रवर्तन दल बुलडोजर लेकर फास्ट फूड स्टॉल और कियोस्क हटाने पहुंच गया। जिस वक्त सड़क किनारे लगे स्टॉल पर लोग फास्ट फूड खा रहे थे, उसी दौरान टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। अचानक बुलडोजर पहुंचने पर स्टॉल संचालकों ने विरोध किया। इसको लेकर नगर निगम टीम और स्टॉल लगाने वाले लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। प्रवर्तन दल ने एक-एक कर स्टॉल हटाए और कई स्टॉल व सामान जब्त कर अपने साथ ले गया। कार्रवाई के बाद संचालकों ने कहा कि इन्हीं स्टॉल से उनके परिवार का खर्च चलता है। लोन लेकर कारोबार शुरू किया था, अब सामान जब्त होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। देखे बुलडोजर एक्शन की दो तस्वीरें … कार्रवाई शुरू होते ही मची अफरा-तफरी
नगर निगम की टीम ने डीडी पुरम पहुंचकर सड़क किनारे लगे अस्थायी स्टॉल हटाने शुरू किए। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने इसका विरोध किया। लोगों का कहना था कि उन्हें स्टॉल हटाने के लिए पर्याप्त समय तक नहीं दिया गया। टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए स्टॉल हटाए और उन्हें जब्त कर लिया। बोले- लोन लेकर काम शुरू किया, EMI कैसे भरेंगे
स्टॉल संचालकों ने बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर फास्ट फूड का काम शुरू किया था। रोज की कमाई से लोन की EMI भरने के साथ परिवार का खर्च चलाते हैं। बच्चों की फीस, घर का खर्च और परिवार के इलाज की जिम्मेदारी भी इसी कमाई से पूरी होती है। स्टॉल और सामान जब्त होने के बाद अब उनके सामने इन खर्चों को पूरा करने की चिंता खड़ी हो गई है। सरकार कारोबार को बढ़ावा दे रही, हमें जगह भी मिले
स्टॉल संचालकों का कहना है कि रेहड़ी-पटरी वालों को कारोबार शुरू करने के लिए सरकार की ओर से योजनाएं चलाई जा रही हैं। सब्सिडी वाला लोन भी दिया जाता है। उनका कहना है कि अगर डीडी पुरम में स्टॉल लगाने से जाम या यातायात की समस्या होती है तो नगर निगम उन्हें किसी दूसरी जगह कारोबार करने की अनुमति दे। लोगों का कहना है कि रोजी-रोटी के लिए कारोबार करना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए उचित जगह उपलब्ध नहीं कराई जा रही। बुलडोजर से हटाने पर स्टॉल टूटने का आरोप
कार्रवाई के दौरान कुछ स्टॉल संचालकों ने आरोप लगाया कि बुलडोजर से स्टॉल हटाने के कारण उनके सामान और स्टॉल को नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर भी मौके पर लोगों और प्रवर्तन दल के बीच बहस हुई। लोगों का कहना था कि सामान को सुरक्षित तरीके से हटाने का मौका दिया जाना चाहिए था। डीडी पुरम में शाम को रहती है भीड़
डीडी पुरम में शाम होते ही सड़क किनारे बड़ी संख्या में फास्ट फूड और खाने-पीने के स्टॉल लगते हैं। आसपास के लोग यहां खाने-पीने के लिए पहुंचते हैं। इसी वजह से शाम के समय इलाके में काफी भीड़ रहती है। नगर निगम का कहना है कि स्टॉल लगने के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित होता है और कई बार जाम की स्थिति बनती है। नगर निगम बोला- जाम की वजह से हटाए स्टॉल
नगर निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि डीडी पुरम में स्टॉल लगने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इसी को देखते हुए सोमवार रात प्रवर्तन दल की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे लगे स्टॉल हटाए गए। उन्होंने बताया कि कार्रवाई में स्टॉल जब्त किए गए हैं। संबंधित लोगों से नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *