![]()
“मंत्री के भतीजे को जब हमारे हॉस्पिटल लाया गया, तब उसकी स्थिति काफी गंभीर थी। वह खून से लथपथ था। उसके हाथ की अंगुलियां कटकर लटक रही थीं। गर्दन काफी अंदर तक कट चुकी थी और घाव बहुत गहरा था। कान, होंठ और गाल भी बुरी तरह कटे हुए थे। उसके ऑपरेशन में काफी लंबा समय लगा, लेकिन अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।” यह कहना है बरेली के प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन और ईशान हॉस्पिटल के डॉ. कौशल कुमार का। अब जानें विस्तार से
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में श्यामगंज फ्लाईओवर पर योगी सरकार में गन्ना मंत्री संजय गंगवार का 15 साल का भतीजा अपने दोस्त के साथ स्कूटी से जा रहा था, तभी वह चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। आदित्यवीर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसकी गर्दन में जैसे ही मांझा फंसा, उसने उसे हाथ से हटाने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ की अंगुलियां भी कट गईं और गर्दन, गाल, होंठ व कान पर गंभीर घाव हो गए। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके साथ पीछे बैठा उसका दोस्त अधिराज भी स्कूटी से गिर गया, जिसे भी चोटें आई हैं। स्वस्थ होने में 3-4 सप्ताह का लगेगा समय, साढ़े 3 घंटे चला ऑपरेशन: डॉ. कौशल कुमार (प्लास्टिक सर्जन, ईशान हॉस्पिटल)
ईशान हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि इस घटना में 15 वर्षीय आदित्यवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। जब वह पुल से उतर रहा था, तो चाइनीज मांझे की चपेट में आने से उसके ऊपरी होंठ, दाहिने गाल और गर्दन पर गहरे घाव हो गए थे। मांझे से नसें कटने के कारण उसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और वह मरणासन्न अवस्था में अस्पताल पहुँचा।
डॉक्टर के अनुसार, बच्चे का कान भी कटा था और बाएं हाथ की उंगली कटकर लटक गई थी। बच्चे का तुरंत ऑपरेशन किया गया, जिसमें लगभग साढ़े तीन घंटे का समय लगा। आवश्यकता पड़ने पर उसे खून भी चढ़ाया जाएगा। डॉक्टर ने बताया कि पूरी तरह स्वस्थ होने में 3-4 सप्ताह का समय लग सकता है। फिलहाल बच्चे की जान सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और कई बार मरीज गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुँचते हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने से जान बचा ली जाती है। चाइनीज मांझे से घायल छात्र की मां का सवाल- क्या पिछली घटनाओं से प्रशासन ने नहीं ली कोई सीख?
आदित्यवीर गंगवार की मां सीमा गंगवार, जो बरेली में रेलवे में चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हैं, ने श्यामगंज पुल पर हुई घटना को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या उनके बच्चे के साथ हुआ हादसा पहला मामला है? सीमा गंगवार ने कहा कि अगर प्रशासन ने पूर्व की घटनाओं में उचित कदम उठाए होते, तो आज यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वे अब भी जाग जाएं, क्योंकि यह मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि वे तो अपनी पीड़ा व्यक्त कर पा रही हैं, लेकिन उन लोगों का क्या जो इलाज का खर्च भी वहन नहीं कर पा रहे? प्रशासन द्वारा दुकानों पर केवल खानापूर्ति वाली छापेमारी काफी नहीं है। यदि पुल पर लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। प्रशासन से सुरक्षा की गुहार, मां ने उठाई मांग
सीमा गंगवार ने बताया कि उनका बेटा आदित्यवीर सुबह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से रनिंग के लिए जा रहा था। उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की है कि या तो चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो या फिर पुल पर ऐसी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि भविष्य में किसी को भी ऐसी क्षति न उठानी पड़े। चाइनीज मांझे पर मंत्री सख्त, बोले प्रशासन करेगा कार्रवाई
मंत्री संजय गंगवार ने चाइनीज मांझे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार ने इसे पूरी तरह प्रतिबंधित किया हुआ है। उन्होंने कहा, “महत्वपूर्ण यह नहीं है कि घायल व्यक्ति मेरा भतीजा है, बल्कि यह है कि कोई भी आम नागरिक इसका शिकार हो सकता है।”
मंत्री ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे जिला प्रशासन की बड़ी लापरवाही करार दिया। उन्होंने कहा कि वे डीएम और एसएसपी को बुलाकर बात करेंगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे। संजय गंगवार ने कहा, “मैं पीलीभीत में रहता हूं, जहां चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और वहां ऐसी कोई घटना नहीं होती। बरेली में हो रही इन घटनाओं को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा जाएगा ताकि इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगे।” डीएम और एसएसपी पहुंचे अस्पताल, जाना मंत्री के भतीजे का हाल
चाइनीज मांझे से मंत्री संजय गंगवार के भतीजे की गर्दन कटने की घटना को लेकर बरेली से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य घायल छात्र का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिवार से बात की। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आज एक दुखद घटना हुई है। एक छात्र मांझे से घायल हुआ है। इस मामले में कार्यवाही की जाएगी। चाइनीज मांझे को जब्त करके जो लोग चाइनीज मांझा बेच रहे है उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया पहले भी चाइनीज मांझे को लेकर कार्यवाही हुई है।
Source link
बरेली में मंत्री के भतीजे की हुई प्लास्टिक सर्जरी:चाइनीज मांझे से गर्दन, कान, होंठ और गाल कटे, हाथ की अंगुलियां कटकर लटकीं