![]()
बरेली में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी आर्थिक चोट करते हुए बरेली पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 173 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया है। ये कार्रवाई नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। नियमों के तहत हुआ निपटारा 1 मार्च से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 711 मामलों में बरामद 4632.5 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया गया। एसएसपी अनुराग आर्य की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने न्यायालय, विभागीय अनुमति और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी प्राप्त होने के बाद पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया। जब्त ड्रग्स का वैज्ञानिक विध्वंस जब्त मादक पदार्थों को परसाखेड़ा स्थित इंसिनरेटर प्लांट में वैज्ञानिक और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप नष्ट किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल ड्रग्स को नष्ट करना नहीं, बल्कि नशे की आपूर्ति चैन को तोड़ना और युवाओं को इसकी गिरफ्त में आने से बचाना है। एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 1 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण हेतु चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत एसएसपी अनुराग आर्य की अध्यक्षता में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा अब तक 711 अभियोगों में जप्त 4632 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण विधिक प्रावधानों के अनुरूप कराया गया है। उन्होंने आगे कहा कि इनका अनुमानित मूल्य लगभग 173 करोड़ 53 लाख रुपये है, जो लक्ष्य का लगभग 88 प्रतिशत है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। माफियाओं की कमर तोड़ रही पुलिस एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान चलाकर बरेली में माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। लगातार पुलिस की टीमें मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों को गिरफ्तार कर रही है। साथ ही उनके द्वारा कमाई की आय को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। ऐसे माफियाओं की संपत्ति भी कुर्क की जा रही है। साथ ही इनके अवैध निर्माणों पर लगातार बुलडोजर की कार्यवाही भी की जा रही है।
Source link
बरेली में नशे के नेटवर्क पर 173 करोड़ की चोट:4.6 टन ड्रग्स राख में तब्दील, ‘ऑपरेशन दहन’ के जरिए युवाओं को नशे से बचाने की पहल