बरेली में गायब युवक का शव जंगल से बरामद:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी


बरेली के फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक क्षेत्र में एक युवक का शव उनासी गांव के जंगल से बरामद किया गया है। यह युवक बृहस्पतिवार दोपहर से लापता था। परिजनों ने सिर में चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान गांव ठिरिया खेतल निवासी 29 वर्षीय राजेश प्रजापति के रूप में हुई है। राजेश गांव से कुछ दूरी पर हाईवे किनारे स्थित एक ईट भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसके पिता सुमेरी लाल ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर 3 बजे वह भट्ठे से मजदूरी के पैसे लेकर निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। एक युवक हिरासत में, जंगल से मिला शव रात तक राजेश के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान कुछ लोगों ने उसे गांव के ही दो अन्य युवकों के साथ उनासी गांव के पास देखा था। जब परिजनों ने उन युवकों से बात की, तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। इसके बाद पिता सुमेरी लाल ने पुलिस को दोनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही और मृतक के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को उनासी के जंगल से राजेश का शव बरामद कर लिया। शव के सिर के पिछले हिस्से में चोट का निशान था। मृतक की जेब से मजदूरी के 25,760 रुपये और शव के पास से शराब के दो खाली पाउच भी मिले। पुलिस ने बरामद रुपये पिता सुमेरी लाल को सौंप दिए हैं। पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच जारी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा और सीओ हाईवे शिवम आशुतोष ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने तथा अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *