![]()
मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र में राधा रानी मंदिर के पूर्व रिसीवर और पुजारी सौरभ गोस्वामी पर कथित जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने बरसाना थाने में कई लोगों के खिलाफ घात लगाकर हमला करने, गंभीर चोट पहुंचाने और लूटपाट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। सौरभ गोस्वामी की पत्नी डौली शर्मा के अनुसार, उनके पति सुबह करीब 5 बजे मंदिर के लिए निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।हमलावरों ने हथौड़ा, सरिया और कुल्हाड़ी से सौरभ गोस्वामी पर वार किए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है और हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को भूरा उर्फ गौरव, हेमंत, नितेश, आशु उर्फ छैलबिहारी, विकास, योगेश सहित कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं। परिवार का आरोप है कि हमलावर सौरभ गोस्वामी का मोबाइल फोन, नकदी और सोने की चेन भी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद सौरभ गोस्वामी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने बरसाना पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का यह भी कहना है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे उनमें भय और आक्रोश है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
बरसाना में राधा रानी मंदिर के पूर्व रिसीवर पर हमला:हथौड़ा-सरिया से पीटा, सिर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर; नकदी और सोने की चेन लूटी