बदायूं राजाराम हत्याकांड में चार्जशीट दाखिल:मछली विवाद में हुई थी हत्या, आरोपी मुठभेड़ में पकड़ा गया था


बदायूं में राजाराम हत्याकांड के आरोपी अफसर उर्फ बौना उर्फ पहलवान के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस को जांच में आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। अब पुलिस इस मामले में आरोपी को सजा दिलाने के लिए कोर्ट में पैरवी की तैयारी कर रही है। यह घटना 5 जनवरी की रात उसहैत थाना क्षेत्र के अहमदनगर बछौरा गांव में हुई थी। गांव निवासी राजाराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या का कारण गंगा नदी से पकड़ी गई मछलियों को लेकर हुआ विवाद था। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी अफसर फरार था। पुलिस ने 6 जनवरी को भुंडी मोड़ के पास एक मुठभेड़ के बाद अफसर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की दोनों टांगों में गोली लगी थी। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस पूछताछ में अफसर ने राजाराम की हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि गंगा नदी में पकड़ी गई मछलियों को लेकर उसका राजाराम से विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते उसने मुगर्रा मोड़ पर राजाराम को तमंचे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी अफसर का एक लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ लूट, हत्या, चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। आदतन अपराधी होने के कारण उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली गई थी। उसहैत के एसएचओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *